poems

Friday 6 January, 2023

गुरु पर्व

 कैसी विडंबना है कि हजारों सालों की गुरु शिष्य परंपरा में से शिष्य के अपभ्रंश 'सिक्ख' शब्द को लेकर एक अलग संप्रदाय बन जाए जबकि भक्ति आंदोलन के उस दौर में अनेक पंथों के संत अपने शिष्यों को निर्गुण और सगुन का ज्ञान दे रहे थे। गुरु नानक देव जी से प्रारंभ हुए नानक पंथ में ही गुरु गोविंद सिंह ने खालसे बनाए पर ये भी कहा - 

"तुम खालसे हो हिंदू धरम।

पंथ नानक को छत्री करम।।"

अर्थात खालसा न तो हिंदू धर्म से अलग और न नानक पंथ से।

 गुरु तो गुरु पर शिष्यों का समर्पण ऐसा कि पंजाब के सनातनी हिन्दू समाज ने गुरु के चरणों में अपने बड़े पुत्र अर्पित किए जो अगले तीन सौ सालों तक अनवरत चलता रहा। किसी पिता के लिए अपने बड़े पुत्र से प्रिय कुछ नहीं हो सकता। गुरु दक्षिणा में भी इससे बड़ा हो क्या सकता था! इसी दक्षिणा से गुरुजी ने खालसे बनाए, पर कभी अलग संप्रदाय तो नहीं बनाया।  धर्म की जब भी बात आई तो स्वयं को हिंदू ही बताया, खालसा को तो पंथ ही कहा।

सकल जगत महीं खालसा पंथ गाजै।

जगै धर्म हिन्दू तुरक दुंद भाजै।।

बड़ा पुत्र केश रखकर खालसे में शामिल हो गया तो छोटे पुत्र बिना केश या सहजधारी ही रहे। पर दोनों शिष्य (सिक्ख) भी रहे, नानक पंथी भी और हिंदू भी।

स्वधर्म हेतु पूरे परिवार का बलिदान करने वाले गुरु गोविंद सिंह के आने वाले शिष्यों (सिखों पढ़ें) ने अंग्रेजों का ऐसा पाठ पढ़ा कि स्वयं को हिंदू धर्म से अलग और मसीही मजहबों के नजदीक बताने लगे। सहजधारियों को शिष्य (सिक्ख) मानने से इनकार कर दिया। फिर आया अलगाव का ऐसा दौर कि पंजाब में निर्दोषों को बसों से उतार कर गोलियों से भूना गया। देश की राजधानी की सड़कों ने बेकुसुरों को जिंदा जलाने के मंज़र देखे। दैवकृपा से स्थिति सुधरी पर विदेशों में षड्यंत्र चलते रहे। लाल किले पर राष्ट्रध्वज का अपमान हुआ और राष्ट्रवादी पार्टी की सरकार धृतराष्ट्रवादी निकली। भगवे के नाम पर इसी सरकार की पीठ पर बरसों सवारी करने वाली पार्टी की सांसद ने संसद में तिलक और जनेऊ बचाने का एहसान जताया। पर यह तिलक और जनेऊ थे किसके? क्या ये गुरु के शिष्यों (सिक्खों) के स्वयं के नहीं थे? बल्कि पंजाब में हिंदू धर्म (सिख पंथ इसमें ही शामिल है) को बचाने के लिए शेष भारत के हिंदुओं ने योगदान दिया। गुरुओं ने मदद के लिए अधिकतर पत्र उत्तर प्रदेश और बिहार में लिखे। छठे गुरु के साथ ग्वालियर में कैद रहे 52 राजाओं ने उन्हें सेना तैयार करके दी। पहला सिख राज्य खड़ा करने वाला बंदा सिंह बहादुर दिया। भाई सती दास, भाई मती दास, भाई दयाला, पंडित कृपा दत्त दिए। गुरु तेग बहादुर का मस्तक बचाने के लिए अपना शीश देने वाला कुशल सिंह दिया। पवित्र सरोवर और दरबार साहब की पवित्रता बहाल करने वाले मराठे दिए। पहले पांच खालसा 'पंज प्यारों' में से चार पंजाब प्रांत से इतर स्थानों के ही नहीं थे क्या? अरे हरसिमरत, ओए योगराज देख किसने किसकी रक्षा की। कभी राजा जय सिंह ने और कभी राम सिंह ने कभी गुरु की आन बचाई और कभी जान बचाई। क्योंकि गुरु हिंदू थे और हिंदू गुरु के थे। वैसे भी ये तिलक जनेऊ बचाने का 'एहसान' पंजाब तक ही सीमित है। उसी औरंगज़ेब के दौर में, उसी दिल्ली से लगभग सवा सौ किलोमीटर दूर नारनौल में जब सतनामी अपना तिलक और जनेऊ बचाने के लिए लड़ रहे थे तो उनके साथ एक भी "शिष्य" नहीं था। वो अलग बात है कि सतनामियों को इतिहास में स्थान नहीं मिला। हजारों सतनामी मारे गए, शेष वर्तमान छत्तीसगढ़, उड़ीसा आदि तक पलायन कर गए। क्षेत्र में एक भी सतनामी न बचा। ऐसा पलायन तो कश्मीर से भी नहीं हुआ। राजपुताने में, मध्य भारत में, दक्कन में, असम में जहां भी हिंदू तिलक जनेऊ बचाने को लड़ा उसके साथ एक भी 'शिष्य' न था। ये सब लिखने का उद्देश्य किसी बलिदानी के बलिदान को कम आंकना नहीं है अपितु इस और ध्यानाकर्षण करवाना है कि अलग- अलग क्षेत्रों में हिंदू चाहे किसी पहचान के साथ लड़ा हो पर लड़ा अपने धर्म के लिए ही। किसी ने किसी 'दूसरे' की रक्षा नहीं की बल्कि स्वयं की रक्षा की। और पंजाब का सहजधारी तो आज भी गुरुओं का अहसान सम्मान से सर पे रख रहा है। जबकि तिलक जनेऊ के तथाकथित 'रखवालों' ने इन्हे शिष्यी (सिक्खी) से बाहर करवा दिया। कानून बनवा कर उन्हें गुरुद्वारों में वोट डालने से रुकवा दिया। 

गुरु गोविंद सिंह जी ने भी कभी अलग मजहब नहीं बनाया उन्होंने पंजाब को हर जगह 'मद्रदेश' लिखा, सागर को 'सिंधु' लिखा। स्वयं को बार-बार 'देवी का दास' लिखा।  उन्होंने 'हर' लिखा 'हरि' लिखा, 'रामावतार' 'कृष्णावतार' लिखा, देवी की स्तुति लिखी। खालसा बनाने से पहले देवी की तपस्या की। स्पष्ट है कि उनकी दृष्टि पुराणों, रामायण, महाभारत और वेदों तक थी। राजस्थान के राजपूतों से शस्त्र तो कश्मीर के ब्राह्मणों से शास्त्र विद्या ली। उन जैसा कौन हो सकता था! यही होता है कोई महापुरूष समाज में चेतना लाने को अपना जीवन न्यौछावर कर देता है पर उस के अनुयाई अलग मजहब बना के बैठ जाते हैं। कितने मज़हब, कितने संप्रदाय, कितने फिरके! रे मानुष विचित्र!

गुरु गोविंद सिंह जी के जन्मदिवस का उपलक्ष्य है। प्रभात फेरियां भी निकल रहीं हैं। अवसर है कि फेरियों में यह भी प्रसारित किया जाए कि सिख पंथ भी एक सनातनी परंपरा है न कि अलग मजहब। सभी को गुरुजी के प्रकाशोत्सव पर शुभकामनाएं। #RSC